रायबरेली-अंबेडकर स्मारक व प्रेरणा स्थल का हुआ लोकार्पण, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। क्षेत्र के लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर कन्नावा गांव स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक व प्रेरणा स्थल का लोकार्पण सोमवार को भव्य समारोह के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्मारक परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवीन प्रतिमा का अनावरण कर जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधायक मनोज पांडे, सदर विधायक अदिति सिंह, क्षेत्रीय मंत्री दिलीप यादव, क्षेत्रीय मंत्री विकास सिंह, जिला प्रभारी पीयूष मिश्रा, विधायक सलोन अशोक कोरी, पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राकेश सिंह, कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रामलाल अकेला, ब्लॉक प्रमुख अमन दऊवा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह राम जी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के पूर्व मुख्य अतिथि के द्वारा क्षेत्र के सिंह द्वार पर स्थित चुरूवा हनुमान मंदिर पर माथा टेक कर पवन पुत्र का आशीर्वाद लिया गया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश को एक मजबूत संविधान दिया और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है, जिससे हर व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल केवल जनता को गुमराह करने और झूठे वादे करने की राजनीति कर रहे हैं। सपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति हुई तथा संविधान का राज नहीं बल्कि माफियाराज था। इसी कारण प्रदेश की जनता ने वर्ष 2017 में बदलाव लाकर भाजपा की सरकार बनाई और वर्ष 2022 में पुनः विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में भी भाजपा हैट्रिक लगाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार बाबा साहब के विचारों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। अंत में जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए बड़ी संख्या में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

rexpress 