रायबरेली-स्कूल की गलती के कारण 76 बच्चे फेल हाई स्कूल की परीक्षा में स्कूल के सारे बच्चे फेल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- जिन कंधों पर बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी रही, वही लापरवाह हो गए। इससे एक नही 76 बच्चों का भविष्य दांव पर लग गया। अटौरा के कलौली स्थित सर्वोदय इंटर कालेज में हाईस्कूल के सभी पंजीकृत छात्रों के प्रयोगात्मक नंबर बोर्ड न भेजे जाने के चलते उन्हें फेल कर दिया गया।बोर्ड ने छात्रों को अनुपस्थित या शून्य अंक मानते हुए बच्चों को असफल घोषित कर दिया। छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी आक्रोश और निराशा का माहौल है।
सर्वोदय इंटर कालेज में हाईस्कूल की परीक्षा के लिए 36 छात्र और 40 छात्राएं पंजीकृत थी। बच्चों ने खुशी-खुशी सभी प्रयोगात्मक व लिखित परीक्षा दी। सभी में अच्छे नंबर से उत्तीर्ण होने का उत्साह रहा। बच्चे कुछ करने के सपनों के साथ एक-एक दिन परीक्षाफल का इंतजार कर रहे थे।
बच्चों ने बयां किया दर्द
रुंधे गले से बच्चों ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पूरे साल मेहनत से पढ़ाई की और सभी परीक्षा दी, लेकिन विद्यालय प्रबंधन की गलती और लापरवाही से हम सबका भविष्य अंधकार में चला गया है। अपने बच्चों की इस पीड़ा पर अभिभावकों का भी गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने इस मामले में स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। व्यवस्थापक मोहिनी त्रिवेदी ने बताया कि सभी छात्रों के अंक ग्रेड कैटेगरी में भेजे गए थे, किस वजह से ऐसा हुआ इसकी जानकारी नही है। बोर्ड अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।
प्रबंधन विद्यालय में ताला लगाकर भागा
जैसे-जैसे बच्चों को रिजल्ट की जानकारी हुई, वह स्कूल पहुंचने लगे। वहां पहुंचकर विद्यालय की लापरवाही पता चली तो उनके नीचे से जमीन खिसक गई। धीरे-धीरे बात आग की तरह फैल गई। अन्य विद्यालय में अभिभावकों व बच्चों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। सभी के बढ़ते गुस्से को देखते हुए प्रबंधन स्कूल में ताला लगाकर मौके से गायब हो गया।

rexpress 