रायबरेली-अज्ञात कारणों से कन्नावां गांव में दो घरों में लगी आग, गृहस्थी जलकर खाक
फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू, गेहूं के खेतों तक पहुंचने से पहले बुझी आग
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत कन्नावां गांव में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से दो घरों में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों घरों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के दौरान उठ रहे धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, जिस पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। पीड़ित सूरजपाल व अमित के घरों में लगी आग से उनकी पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा पास में खड़े गेहूं के खेतों तक आग पहुंच जाती तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था। पीड़ित सूरज पाल ने बताया कि उनके घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। बेटी का पिछले साल विवाह किया था। उसके गहने व अन्य सामान भी घर पर रखा था। जो आग की जद में आकर नष्ट हो गया हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हल्का लेखपाल संतोष यादव ने बताया कि मौका मुआयना किया गया है। नुकसान के आकलन की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

rexpress 