अगले 48 घंटे रहें सावधान! इन राज्यों में आने वाला है भयंकर तूफान, IMD का बड़ा अलर्ट

अगले 48 घंटे रहें सावधान! इन राज्यों में आने वाला है भयंकर तूफान, IMD का बड़ा अलर्ट

-:विज्ञापन:-

मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर होने वाला है। भीषण गर्मी के बीच राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड जैसे राज्यों में कुदरत का मिजाज बदलने वाला है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश और धूल भरी आंधी आ सकती है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार (13 मई) को हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

दिल्ली में बादलों का डेरा, फिर बढ़ेगा पारा

देश की राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। IMD के अनुसार, आज दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान की बात करें तो अधिकतम पारा 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, राहत की यह बात ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। 14 मई से आसमान साफ होते ही गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाएगी और 17 मई तक पारा उछलकर 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

यूपी के इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश के बाशिंदों के लिए भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने को कहा है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जैसे इलाकों में तेज आंधी और बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इसके अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और झांसी समेत प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों जैसे लखनऊ, कानपुर और आजमगढ़ में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बिहार में 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

बिहार में भी मौसम विभाग ने खतरे की घंटी बजा दी है। राज्य के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार में हवा के झोंके 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकते हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रख लें।

पहाड़ों पर आफत: उत्तराखंड और हिमाचल में ओलावृष्टि

मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी मौसम का कहर देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे ऊंचाई वाले जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। राज्य के बाकी हिस्सों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी में 40 से 70 किमी की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और मध्यम बारिश के साथ हिमपात (Snowfall) का अनुमान लगाया गया है।