रायबरेली: शिवगढ़ सीएचसी में महिला की मौत के बाद हंगामा, इंजेक्शन लगाने का आरोप

रायबरेली: शिवगढ़ सीएचसी में महिला की मौत के बाद हंगामा, इंजेक्शन लगाने का आरोप

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

रायबरेली जिले के शिवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में गुरुवार को एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान राम प्यारी निवासी पूरे टिकैत गांव के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान ट्रेनी फार्मेसिस्ट ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित ट्रेनी फार्मेसिस्ट मौके से फरार हो गया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सीएचसी शिवगढ़ के अधीक्षक ने इंजेक्शन से मौत के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि महिला का ब्लड प्रेशर काफी हाई था और ऑक्सीजन लेवल भी कम था, जिससे उसकी हालत पहले से ही गंभीर थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।