ऊंचाहार: जर्जर एनटीपीसी संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु जिला पंचायत सदस्य ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

ऊंचाहार: जर्जर एनटीपीसी संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु जिला पंचायत सदस्य ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

-:विज्ञापन:-



    रिपोर्ट-सागर तिवारी



​ऊंचाहार, रायबरेली। स्थानीय क्षेत्र की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य (ऊंचाहार द्वितीय) शैलेन्द्र कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर क्षेत्र की जनता की समस्याओं से अवगत कराया है। उन्होंने एनटीपीसी संपर्क मार्ग और नाला निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया है।​प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में श्री गुप्ता ने बताया कि ऊंचाहार देहात ग्राम सभा के अंतर्गत अलीगंज मोड़ से रेलवे स्टेशन तक और अजय प्रजापति के मकान से भक्तिन का पुरवा (जरिफाबाद एनटीपीसी रेलवे फाटक) तक की सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। वर्तमान में इस मार्ग पर डेढ़ से दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। 
​दिये गये प्रर्थना पत्र में इस बात पर जोर दिया गया है कि यह मार्ग कई ग्राम सभाओं के लोगों के साथ-साथ लगभग दो से ढाई हजार स्कूली बच्चों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। नाला क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरी सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस सड़क का निर्माण वर्षों पहले एनटीपीसी के CSR विभाग द्वारा कराया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में अब यह बदहाल है।

- ​इन अधिकारियों को भी भेजी गई प्रतिलिपि

​जिला पंचायत सदस्य ने इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु पत्र की प्रतियां केंद्रीय विद्युत मंत्री, एनटीपीसी के सीएमडी, निदेशक (मानव संसाधन), आरईडी (लखनऊ) और परियोजना प्रमुख (ऊंचाहार) को भी प्रेषित की हैं। उन्होंने मांग की है कि जनहित और स्कूली बच्चों की सुविधा को देखते हुए जल्द से जल्द आर.सी.सी. रोड और नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।