रायबरेली:भक्ति के रंग में रंगा ऊंचाहार: जागेश्वर धाम में सहस्त्र चंडी महायज्ञ का भव्य शंखनाद,,,,,

रायबरेली:भक्ति के रंग में रंगा ऊंचाहार: जागेश्वर धाम में सहस्त्र चंडी महायज्ञ का भव्य शंखनाद,,,,,

-:विज्ञापन:-




     रिपोर्ट-सागर तिवारी

​ऊंचाहार (रायबरेली): क्षेत्र के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल सलारपुर स्थित जागेश्वर धाम में सोमवार से आध्यात्मिक चेतना का नया सूर्योदय हुआ। पूज्य पं. रामकृष्ण मिश्र शास्त्री के पावन सानिध्य में सात दिवसीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ का अत्यंत गरिमामयी एवं भक्तिमय शुभारंभ किया गया। इस अनुष्ठान के प्रथम दिन आयोजित भव्य कलश यात्रा ने समूचे क्षेत्र को 'जय माता दी' और 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से गुंजायमान कर दिया।​महायज्ञ के पहले दिन जागेश्वर धाम से बूढ़ेनाथ बाबा मंदिर (मिर्जापुर ऐहारी) तक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। वैदिक मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच, सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर पदयात्रा की। भक्ति मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा का समापन पुनः यज्ञ स्थल पर हुआ, जिसके बाद विधि-विधान से पंचांग पूजन कर यज्ञ मंडप में अरणी मंथन द्वारा अग्नि प्रज्वलित की गई।​आयोजन समिति ने बताया कि यह महायज्ञ 23 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगा। यज्ञ की महत्ता को देखते हुए काशी और स्थानीय क्षेत्रों के 50 विद्वान ब्राह्मणों को आमंत्रित किया गया है, जो निरंतर सहस्त्र चंडी का पाठ कर लोक कल्याण की कामना करेंगे।
​यज्ञ के साथ-साथ ज्ञान की गंगा भी बहेगी। भदोही से पधारे सुप्रसिद्ध रामकथा मर्मज्ञ लोकनाथ मिश्र प्रतिदिन सायंकाल श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम की पावन कथा का रसपान कराएंगे। क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है और प्रतिदिन हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना है।