रायबरेली-भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़ी पाण्डुलिपियों एवं दुर्लभ ज्ञान ग्रन्थों आदि का होगा वैज्ञानिक संरक्षण डिजिटलीकरण एवं अभिलेखीकरण
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार भारत की समृद्धि ज्ञान परम्परा और बौद्धिक विरासत को ज्ञान भारत मिशन के अन्तर्गत देश भर में उपलब्ध भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़ी पाण्डुलिपियों एवं दुर्लभ ज्ञान ग्रन्थों आदि का वैज्ञानिक संरक्षण डिजिटलीकरण एवं अभिलेखीकरण किया जायेगा, जिससे यह धरोहर शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को प्राचीन ज्ञान दर्शन साहित्य एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचय करा सके तथा विकसित भारत-2047 के अन्तर्गत डिजिटल इण्डिया के दृष्टिकोण और विरासत एवं विकास के राष्ट्रीय संकल्प को समृद्ध कर सके। ज्ञान भारत मिशन के अन्तर्गत उ०प्र० की समृद्ध ज्ञान परम्परा सांस्कृतिक धरोहर एवं बौद्धिक विकास के महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राचीन पाण्डुलिपियों ताड पत्रों एवं दुर्लभ अभिलेखों (निजी एवं सरकारी) का संरक्षण भी किया जाना है। इस हेतु राष्ट्र व्यापी राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान 16 मार्च 2026 से प्रारम्भ किया गया है। जनपद में ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समिति का गठन किया है।उन्होंने बताया है कि राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के अन्तर्गत- जनपद स्तर पर ऐसी सरकारी एवं गैर सरकारी समस्त संस्थाओं (मठ मन्दिर, शैक्षणिक संस्थान, निजी संगठन, पुस्तकालय आदि) व व्यक्तियों जिनके पास पाण्डुलिपियों, दुर्लभ ग्रन्थों आदि का संग्रह हो का चिन्हीकरण कराते हुए उनकी सूची तैयार की जायेगी। पाण्डुलिपियों का तात्पर्य कागज, भोजपत्र, ताडपत्र, कपडा, धातु आदि पर हाथ से लिखे गए ग्रन्थ जो न्यूनतम 75 वर्ष प्राचीन हो, से है। जिला स्तर पर तैयार की जाने वाली सूची में संस्था व व्यक्ति का नाम, संस्था के प्रभारी का नाम, ई-मेल एवं मोबाइल नम्बर तथा पाण्डुलिपियों/ग्रन्थों/अन्य अभिलेखों की अनुमानित संख्या का स्पष्ट उल्लेख किया जायेगा। प्रत्येक केन्द्र तथा व्यक्ति के पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों की सूची भी संकलित की जायेगी। उन्होंने बताया है कि सर्वेक्षण कार्य 16 मार्च 2026 से प्रारम्भ किया गया है जिसको आगामी 3 माह पूर्ण किया जाएगा। जनपद में सर्वेक्षण कार्य ‘‘ज्ञान भारतम एप’’ मोबाइल एप्लीकेशन जो गूगल प्ले स्टोर/एप स्टोर पर निःशुल्क डाउनलोड हेतु उपलब्ध है, के माध्यम से किया जाएगा। जनपद में ज्ञान भारत मिशन के सफल क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षण हेतु जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

rexpress 