रायबरेली-शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने मचाया तांडव बिजली विभाग की लापरवाही किसानों पर पड़ रही भारी

रायबरेली-शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने मचाया तांडव  बिजली विभाग की लापरवाही किसानों पर पड़ रही भारी

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के कहिंजर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बताया जा रहा है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की ढीली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते गेहूं की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेतों में भी हड़कंप मच गया। इस घटना में दो किसानों की करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। फसल जलने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। खास बात यह रही कि दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने स्थिति को संभाल लिया, नहीं तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
पीड़ित किसानों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद खेतों के ऊपर से गुजर रही ढीली बिजली लाइन को ठीक नहीं कराया गया। किसानों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के चलते ही यह हादसा हुआ है।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं, जिम्मेदार विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।