यूपी में फिर बदलेगा मौसम, अगले दो घंटे के अंदर इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

यूपी में फिर बदलेगा मौसम, अगले दो घंटे के अंदर इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

-:विज्ञापन:-

यूपी में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। शुक्रवार सुबह से कुछ जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो घंटे में प्रदेश के कई जिलों में मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से ही आसमान छाए रहे। बीच-बीच में थोड़ी धूप निकली, लेकिन कुछ देर बादलों ने सूरज को ढक दिया। कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि देर शाम तक आसमान में बादल छाए थे। देर शाम मौसम विभाग ने एक बार फिर मौसम खराब होने को लेकर अलर्ट जारी कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर में बिजली कड़ने के साथ बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना है।

इसके अलावा प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, सुल्तानपुर, महाराजगंज, कुशीनगर में 30 से 40 किमी के साथ हल्की से मध्य बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार और रविवार को हापुड़ में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है, इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को एक बार फिर फरवरी के मौसम जैसा अहसास हो सकता हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव और हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसान फिलहाल मौसम के जल्द स्थिर होने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं रायबरेली में शाम ढलते ही डीह में बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे पहले दिन में कई बार आसमान में बादल छाए और बूंदाबांदी के बाद धूप निकल आई। इस दौरान बछरावां, गंगागंज, हरचंदपुर, ऊंचाहार समेत जिले के ज्यादातर इलाकों में बूंदाबांदी के साथ तेज बारिश भी दर्ज की गई। डीह में ओले गिरने से खेतों में पकी खड़ी गेहूं की फसल के गिरने की आशंका के चलते किसान चिंतित हो उठे।

जालौन में आंधी बारिश ने बढ़ायी किसानों की चिंता

यूपी के जालौन जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज धूलभरी आंधी के बाद कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे रबी फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हुआ, वहीं इसका सीधा असर किसानों की मेहनत पर पड़ता दिख रहा है। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं समेत अधिकांश रबी फसलें कटकर खेतों में ढेर के रूप में पड़ी हैं, जो बारिश और ओलों से प्रभावित हो सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अपनी कटी फसलों को बचाने के लिए उन्हें समेटने, ढकने और सुरक्षित स्थानों पर रखने में जुटे हुए हैं।

हापुड़ में बारिश की बूंदों से मौसम हुआ सुहाना

हापुड़ का मौसम शनिवार की अल सुबह अचानक बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और ठंडी हवाओं के साथ धरती पर बारिश की बूंदे भी गिरी। इससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस लुढ़कर 30 पर पहुंच गया। हालांकि दोपहर में मौसम साफ हो गया। तेज धूप भी खिली, लेकिन ठंडी हवाओं के आगे धूप की एक नहीं चली। मौसम विभाग ने पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार तक मौसम सुहाना रहने की संभावना जताई है। ऐसे में शनिवार की सुबह आसमान में घने काले बादल छा गए, एक दो बार बारिश की बूंदे भी गिरी। लेकिन इसके बाद दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रही। दोपहर को मौसम साफ हो गया और तेज धूप खिल गई। लेकिन ठंडी हवाओं के आगे धूप का असर बेहद कम रहा। ऐसे में मौसम सुहाना बना रहा।घर व दफ्तरों में कुलर पंखों की हवा भी ठंडी लगती रही। जिससे तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

हरदोई में बिजली गिरने से किसान की मौत

हरदोई जिले में आज सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली के हैवतपुर गांव में एक किसान मुरारी (45) शुक्रवार सुबह खेत में गेहूं की फसल काट रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मुरारी गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी और बच्चे नितिन, दीपक और पुत्री मोहिनी भी खेत में मौजूद थे और उन्होंने इस हादसे को अपनी आंखों से देखा।