रायबरेली में बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र का जोरदार स्वागत, सपा और राहुल गांधी पर साधा निशाना
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। लखनऊ से प्रतापगढ़ जाते समय रायबरेली पहुंचे रोहित मिश्र का विभिन्न स्थानों पर युवा मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जेसीबी मशीन के जरिए उन पर फूलों की वर्षा कर उत्साह का प्रदर्शन किया। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा नेता स्वप्निल पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत के दौरान रोहित मिश्र ने समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "सपा के पी का मतलब सिर्फ पाप है, वह भ्रष्टाचार वाला है या और कौन, यह वही जानें।" उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रयागराज में छात्रों से संवाद कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर रोहित मिश्र ने कहा कि छात्रों से संवाद करना अच्छी बात है और जनप्रतिनिधियों को युवाओं के बीच जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रयागराज जाने के साथ-साथ राहुल गांधी को फिरोज गांधी की समाधि पर भी जाना चाहिए।
रोहित मिश्र के स्वागत कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी और स्वागत समारोह का माहौल बना रहा। उनके बयानों ने जिले की राजनीतिक गतिविधियों को भी गर्मा दिया है।

rexpress 