रायबरेली-मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने से टला बड़ा हादसा,हटाया गया गेटमैन
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र स्थित मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पटरी पर फंस जाने से बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। समय रहते नौचंदी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में रेलवे गेट पर तैनात गेटमैन की लापरवाही सामने आने पर उसे तत्काल ड्यूटी से हटा दिया गया है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली फाटक के बीच रेलवे ट्रैक पर फंस गई थी। इसी दौरान नौचंदी एक्सप्रेस वहां पहुंच गई, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ और तत्परता के कारण समय रहते ट्रेन रोक दी गई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।
घटना के बाद कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 