रायबरेली-पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक का वीडियो वायरल,“नेतागिरी उतार देने” की दी गई कथित धमकी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8583856824
रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के बिरनावां गांव में गेहूं की फसल में आग लगने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आग की सूचना समय पर देने के बावजूद फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि दमकल विभाग समय से पहुंच जाता तो नुकसान कम हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दरोगा और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान माहौल इतना गरम हो गया कि दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई। इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर दरोगा विमल कांत गोयल ग्रामीणों से सख्त लहजे में बात करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दरोगा ने उन्हें धमकाते हुए “नेतागिरी उतार देने” जैसी बात कही, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई।
फिलहाल इस मामले का वीडियो तेजी से चर्चा में है। पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं ग्रामीण घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

rexpress 