रायबरेली-तालाब की जमीन से हटवाया गया अवैध अतिक्रमण, ग्रामीणों ने लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गापुर मजरे बन्नावा गांव में तालाब की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को राजस्व विभाग व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्यवाही की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चले अभियान के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि गांव के तालाब की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही शुरू कराई। इस दौरान राजस्व निरीक्षक रज्जन लाल राजस्व टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्यवाही के दौरान प्रदीप कुमार , विजय कुमार , कुसुमा , शांति देवी , जगमोहन , रोहित , रामेंद्र , राम आसरे सहित अन्य ग्रामीणों ने लेखपाल प्रिया सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि लेखपाल द्वारा कार्यवाही रोकने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि रुपये न देने पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई। जब कि इसी गाटा संख्या की भूमि पर रुपए लेकर अन्य लोगों के मकान बनवाए गए हैं । हालांकि अधिकारियों की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि सोमवार को भी राजस्व व पुलिस विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने गांव पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते टीम को बिना कार्यवाही किए वापस लौटना पड़ा था। बुधवार को दोबारा पहुंची टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई गई है । राजस्व निरीक्षक रज्जन लाल ने बताया कि दुर्गापुर मजरे बन्नावा गांव की 1352 गाटा संख्या तालाब के रूप में अभिलेखों में दर्ज है । जिसके आशिक भाग पर प्रदीप कुमार व विजय कुमार पुत्रगण साहब शरण द्वारा आंशिक भाग पर अवैध कब्जा किया गया था। जिसे उच्च अधिकारियों के आदेश पर ढहा दिया गया है।

rexpress 