ऊंचाहार पुलिस नें गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को किया गिरफ्तार
रिपोर्ट-सागर तिवारी
ऊंचाहार/रायबरेली: कोतवाली पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक वांछित अपराधी क्षेत्र में मौजूद है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और कोटिया चित्रा रेलवे क्रॉसिंग के पास से अभियुक्त को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधी की पहचान मोहम्मद सद्दीक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शामली जिले के कैराना का निवासी है और वर्तमान में मेरठ के थाना सरधना अंतर्गत इस्लामाबाद में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद सद्दीक पर डलमऊ थाने में गोवंश निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत गंभीर मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके कारण पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह एक अंतर-जनपदीय अपराधी है, जो कई जिलों की पुलिस को चकमा दे रहा था।
मंगलवार को अभियुक्त को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

rexpress 