रायबरेली-पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक का वीडियो वायरल,“नेतागिरी उतार देने” की दी गई कथित धमकी

रायबरेली-पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक का वीडियो वायरल,“नेतागिरी उतार देने” की दी गई कथित धमकी

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

 

रायबरेली: जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के बिरनावां गांव में गेहूं की फसल में आग लगने के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से कई बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद फायर विभाग समय पर मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
आग की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो गुस्साए ग्रामीणों और दरोगा के बीच तीखी बहस हो गई। वायरल वीडियो में दरोगा और ग्रामीणों के बीच कहासुनी साफ देखी जा सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि दरोगा ने उन्हें धमकाया और “नेतागिरी उतार देने” जैसी बात कही।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें नजर आ रहे दरोगा विमल कांत गोयल हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
फिलहाल, पूरे मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।