रायबरेली-इलाज के साथ कानून की जानकारी जरूरी: सीएमओ
रायबरेली। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चन्द्रा ने बताया है कि आज के बदलते परिवेश में चिकित्सा पेशेवरों के लिए कानून की बारीकियों को समझना अति आवश्यक होता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बुधवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के सौजन्य से जनपद के होटल में “मेडिको लीगल के आयाम” विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी का उद्देश्य चिकित्सा अधिकारियों को नए कानूनों से अवगत कराना एवं उनकी शंकाओं का समाधान करना था। मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने कहा कि सरकारी चिकित्सालयों के डाक्टरों के लिए सिर्फ मरीजों का इलाज करना ही काफी नहीं है बल्कि कानून से जुड़ी बातों को भी समझना आवश्यक है। कई बार छोटी से गलती डाक्टर के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। इसलिए सतर्क रहना जरूरी है। मुख्य वक्ता के तौर पर बोलते हुए डॉ. जी. खान द्वारा पोस्टमार्टम की बारीकियों को समझाया गया एवं चिकित्सा अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया गया। आयोजक मण्डल डॉ. डी.पी. सरोज, डॉ. प्रियंका कुशवाहा, डॉ. जयंत सिंह, जनार्दन सिंह एवं आदित्य कुमार, फार्मासिस्ट पोस्टमार्टम हाऊस आदि को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है जो चिकित्सा अधिकारियों के लिए बहुत लाभदायक साबित होगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक राणा बेनी माधव सिंह, जिला चिकित्सालय और डा. पुष्पेंद्र कुमार ने आयोजक मण्डल से ऐसे आयोजन प्रति वर्ष आयोजित करने का आहवान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हुमा कौसर और पोस्टमार्टम हाउस के फार्मासिस्ट जन्मदिन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला चिकित्सालय डॉ. निर्मला साहू, डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

rexpress 