रायबरेली-डेंजर जोन बनते जा रहे है क्षेत्र के प्रमुख मार्ग, आये दिन सुनाई देती हैं चीखे
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। कस्बा व क्षेत्र के प्रमुख मार्ग दुर्घटना जोन बनते जा रहे है। इसका प्रमुख कारण वाहनों की असीमित रफ्तार व भारी वाहनों का राजमार्ग पर अवैध पार्किंग होना है। लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग व बांदा बहराइच राजमार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए बना चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास भी अक्सर हादसों के चलते खून से लाल हो जाता है। लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर खैरहनी, चुरुवा, पहुरावां व बिरला सीमेंट फैक्ट्री पर हादसों का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। दरअसल 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाले राजमार्ग पर वाहन 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से फर्राटा भर रहे हैं। स्पीड मीटर तो लगे हुए हैं, पर वह महज दिखावा हैं। स्थानीय निवासी संजय, अमित, मन्नू, राम आसरे व अन्य लोगों ने बताया कि राजमार्ग पर मौजूद ब्लैक स्पाट पर कोई संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। साथ ही फैक्ट्रियों, ढाबों के सामने राजमार्ग की पटरियों पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग भी हादसों की वजह बन रही है। तीन वर्ष पहले कुंदनगंज गांव के जोहवाशर्की मोड़ पर कोहरे के चलते केस राजमार्ग के किनारे खड़े एक टैंकर से कार टकरा गई थी। हादसे में प्रयागराज निवासी विभूति, उनकी पत्नी कंचन शर्मा, बेटी जासू समेत वाहन चालक आलोक सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। वही मां माधुरी व बेटी काव्या को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां माधुरी ने दम तोड़ दिया था। इस हादसे में एक मासूम समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई थी। दूसरी घटना 19 फरवरी को चुरुवा मोड़ के पास स्कूटी सवार अनिल सिंह को एक कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। 6 फरवरी को बांदा बहराइच राजमार्ग पर नंदाखेड़ा गांव के पास डंपर व बोलेरो की आमने सामने से टक्कर हो गई थी। हादसे में फतेहपुर निवासी राजेश सिंह, अनुग्रह प्रताप सिंह, भानु प्रताप सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। बांदा बहराइच राजमार्ग पर मौरंग, गिट्टी व रेत लदे ट्रकों की पार्किंग राजमार्ग की पटरियों पर कर दी जाती है, जिससे अक्सर हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे है। वहीं लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर लखनऊ से रायबरेली की ओर जाने वाली लेन पर बने रेलवे ओवरब्रिज में खामियों के चलते अक्सर हादसों में लोग अपनी जान गवां रहे हैं। ओवरब्रिज की ढलान पर आते ही अचानक मोड़ आ जाता है, जिससे वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं।

rexpress 