रायबरेली-डीएम के औचक निरीक्षण में 147 अधिकारी-कर्मचारी गैरहाजिर, एक दिन का वेतन रोका
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-9450403006
रायबरेली- जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जिले के 22 कार्यालयों में एक साथ कराए गए औचक निरीक्षण में 147 अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। 12 विकास खंडों समेत विभिन्न विभागों में चलाए गए इस निरीक्षण अभियान से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान कई ब्लॉकों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में बड़ी लापरवाही सामने आई। बिना सूचना अनुपस्थित मिले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित कर्मियों से जवाब प्राप्त कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं।
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण और कार्रवाई का क्रम आगे भी जारी रहेगा।
जिलाधिकारी की इस कार्रवाई के बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है और प्रशासनिक महकमे में अनुशासन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

rexpress 