नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से रेप, पीड़िता को घर तक छोड़ने आया आरोपी
उत्तरप्रदेश में एक महिला ने खुद के साथ रेप होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है. महिला राजधानी लखनऊ की रहने वाली है. महिला ने आरोप लगाया कि उसे किसी ने पहले जॉब ऑफ़र के बहाने प्रतापगढ़ बुलाया.
फिर वहां उसके साथ रेप किया. रेप करने के बाद वो शख़्स, महिला को लखनऊ छोड़ने भी आया. महिला को उसके घर छोड़ने के बाद आरोपी फरार हो गया.
आजतक के सत्यम मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक़, पीड़िता के कहने पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वो मोहनलालगंज इलाके की रहने वाली है और उसकी शादी भी हो चुकी है. उसे नौकरी की तलाश थी. इसीलिए उसने एक खंभे पर लगे पोस्टर को देखकर, उसमें लिखे नंबर पर कॉल किया. पोस्टर में लिखा था,
"घर बैठे जॉब पाना चाहते हैं तो इस नंबर पर कॉन्टैक्ट करें."
कॉल करने पर सामने वाले ने बताया कि वो घर बैठे नौकरी दिलवा सकता है. ज्वाइन करने के लिए महिला को ऑफ़िस की फ़ॉर्मेलिटी पूरी करने के लिए प्रतापगढ़ के सुंदरपुर लालगंज इलाके में बुलाया गया. महिला के पते पर पहुंचने पर उसे ऑफ़िस में कुछ समय के लिए बैठाया गया.
BJP नेता नाबालिग से रेप के आरोप में अरेस्ट, पार्टी ने लिया एक्शन, POCSO लगा
महिला ने पुलिस को आगे बताया कि 'बहुत समय तक कोई आया नहीं. फिर वही व्यक्ति आया, जिससे महिला की कॉल पर बात हुई थी.' महिला के आरोप हैं कि उस शख़्स ने वहां महिला के साथ रेप किया, फिर खुद उसे लखनऊ के मोहनलालगंज के बिंदोआ इलाके में छोड़ने भी गया. उसके बाद वो वहां से फरार हो गया. महिला ने घर पहुंचकर रो-रोकर पूरी कहानी सुनाई और अपने भाई के साथ आरोपी के ख़िलाफ़ रेप का मामला दर्ज करवाने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंच गई. महिला ने पुलिस को पूरी बात बताई.
इस पूरे मसले पर पुलिस का कहना है कि महिला की तहरीर पर आरोपी के ख़िलाफ़ रेप और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी के बारे में फिलहाल कुछ पता नहीं लगाया जा सका है, लेकिन तलाश जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही वो जेल के अंदर होगा.

rexpress 