रांची में INDIA की महारैली में हंगामा,आपस मे भिड़े कार्यकर्ता
झारखंड में विपक्ष की महारैली के लिए पूरे देश से कई राजनीतिक नेता रांची आए हुए हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के बाद ये इंडिया गठबंधन की दूसरी महारैली है। इस बीच कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।
रैली के दौरान ही कुछ कार्यकर्ता आपस में भिड़ पड़े जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कार्यकर्ता एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकते भी नजर आए। कई लोग खुद को बचाने के लिए इधर उधर भागते भी नजर आए। इस दौरान कार्यकर्ताओं के घायल होने की भी खबर है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार्यकर्ता एक दूसरे पर कुर्सी फेंकते नजर आ रहे हैं।
बता दें, रांची में इंडिया गठबंधन की महारैली आयोजित की गई है। इसमें 14 राजनीतिक दलों ने शिरकत की है। ये रैली दिल्ली के मख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रामलीला मैदान में हुई रैली की तर्ज पर आयोजित की गई है जिसमें हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का विरोध किया जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को दावा किया कि झारखंड की जनता पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुए 'अन्याय' के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुंहतोड़ जवाब देगी।
विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की 'उलगुलान न्याय' रैली में हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंचने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन का उद्देश्य देश और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा, ''झारखंड की जनता पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुए अन्याय के लिए भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। हमारा उद्देश्य देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है।''
विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दलों के एकजुट होने का दावा करते हुए यादव ने कहा, ''400 सीट की फिल्म लोकसभा चुनाव के पहले चरण में ही फ्लॉप हो गई है।'' तेजस्वी यादव के अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना के रैली को संबोधित करने की उम्मीद है।

rexpress 