ऊंचाहार:पुस्तैनी जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, नवविवाहिता समेत तीन गंभीर घायल,,,,

ऊंचाहार:पुस्तैनी जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, नवविवाहिता समेत तीन गंभीर घायल,,,,

-:विज्ञापन:-



    रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार, रायबरेली-तहसील क्षेत्र के अंतर्गत 'पूरे बाबा' मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव में पुरानी रंजिश और पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस हमले में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक नवविवाहिता और एक दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल है।
पीड़ित बृजेश मौर्या ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि गांव के ही कुछ विपक्षी सदस्य उनकी पुस्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो विपक्षियों ने लामबंद होकर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। हमले के दौरान घर के बाहर बैठे दिव्यांग चाचा जमुनालाल पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया गया। बीच-बचाव करने आई नवविवाहिता शिवानी, जिसकी शादी अभी हाल ही में 8 मार्च को हुई थी, उसे भी बेरहमी से पीटा गया।
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जगतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहाँ जमुनालाल और शिवानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
पीड़ित पक्ष ने ऊंचाहार कोतवाली में लिखित तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।