रायबरेली-सूरज की तल्ख किरणों ने किया बेहाल , पारा फिर पहुंचा 45 पार

रायबरेली-सूरज की तल्ख किरणों ने किया बेहाल , पारा फिर पहुंचा 45 पार

-:विज्ञापन:-



         रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार - रायबरेली-गर्मी से उछला पारा लोगों को परेशान कर रहा है। तीन दिन से झुलसाने वाली गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। बुधवार को पारा 45 डिग्री पर बना रहा। इस तापमान का अहसास लोगों को सुबह से ही होने लगा था।

सुबह 10 बजे से ही लू-लपट का दौर शुरू हो गया, दोपहर में सड़कें सुनसान हो गई। जो बाहर दिखा वह भी पूरी से तरह से अपने आपको ढंककर निकला। शाम 6 बजे तक लोगों को गर्मी का अहसास होता रहा। सूरज ढलने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीज भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचने लगे हैं।
      मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहने और धूप में घूमने से लोग लू के शिकार हो रहे हैं। वहीं खाने-पीने में सावधानी नहीं बरतने से लोग उल्टी दस्त से पीड़ित होकर डॉक्टरों के पास पहुंच रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पताल में बुखार, उल्टी - दस्त के पीड़ित मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है।सूरज के आग उगलते तेवर व लू के थपेड़ों ने लोगों को हलाकान कर दिया है। क्षेत्र में गर्मी के तेवर कुछ इस कदर है कि दिन में भी बाजार में सन्नाटा पसर जाता है। अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम 38 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंच गया है। वहीं रात 8 बजे तक का तापमान 38 डिग्री रहा। गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। गर्मी के कारण बुधवार को नगर के मुख्य बाजार सहित शासकीय कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग भी पेड़ की छांव में सुस्ताते नजर आए।गर्म हवाओं के थपेड़ों के साथ मंगलवार का पारा 45 के पार जा पहुंचा। दिन ही नहीं बल्कि रात को बढ़े तापमान ने रहवासियों को परेशान करना शुरू कर दिया है। तापमान की वृद्धि रोकने वाले जतन दम तोड़ते नजर आ रहे है। दूसरी ओर अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना नहीं है। दिनों दिन बढ़ते तापमान ने रहवासियों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार का पूरा दिन गर्म हवाओं के नाम रहा। 

 *बरते सावधानी* 

इस मौसम में लोगों को गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को ढंककर ही बाहर निकलना चाहिए। लू की अनदेखी नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह जानलेवा हो सकती है। लू लगने पर तेज बुखार, सिर दर्द, जैसे लक्षण उभरते हैं।