उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत - दिनेश प्रताप सिंह
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
जनपद में अनुदेशकों को बढे हुए मानदेय का डमी चेक देकर किया गया सम्मानित
अनुदेशक केवल शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे समाज के निर्माणकर्ता होते हैं - उद्यान मंत्री
मुख्यमंत्री जी के आयोजित कार्यक्रम का देखा गया सजीव प्रसारण
रायबरेली-प्रदेश के अनुदेशकों के मानदेय बढ़ोतरी के उपलक्ष्य में अनुदेशक सम्मान समारोह व चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन लोक भवन, लखनऊ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इसी क्रम में जनपद में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन गोपाल सरस्वती इण्टर कॉलेज में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग, उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह ने प्रतिभाग किया, कार्यक्रम में मा० अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता उपस्थित रही।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया व उनके उद्बोधन को सुना गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जनपद के 18 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का डमी चेक वितरित किया गया, इसके साथ ही प्रत्येक विकास खण्ड के 02 एवं नगरीय क्षेत्र कुल 38 अनुदेशकों को उत्कृष्ठ कार्य करने हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मानदेय वृद्धि से जनपद के 547 अनुदेशक लाभान्वित हुए।
मा० उद्यान मंत्री ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि आज का यह अवसर अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक है। हम यहाँ उन अनुदेशकों का सम्मान करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण से समाज को एक नई दिशा दी है। अनुदेशक केवल शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे समाज के निर्माणकर्ता होते हैं। आपने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बच्चों के भविष्य को संवारने का जो कार्य किया है। उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि भी की और उनके सम्मान को उनकी चौखट तक पहुंचाने का भी कार्य किया है, इसी क्रम में आज यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मा0 उद्यान मंत्री ने कहा कि अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आप सभी ने ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में शिक्षा की ज्योति जलाए रखी, जिसके लिए आप बधाई और धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आज जब आपको सम्मानित किया जा रहा हैं, तो यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि आपके समर्पण और सेवा के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। यह सम्मान आपको आगे भी और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सम्मान दिलाने का कार्य हमारी सरकार ने किया है, इसके साथ ही आज मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा अनुदेशकों व उनके परिवार को 05 लाख रुपए तक की कैशलेश चिकित्सा सुविधा दिलाने की भी घोषणा की है, यह अनुदेशकों व उनके परिवार के लिए चिकित्सा सुविधा कवच है।
जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी कर सीधे 90000 से बढ़ाकर 17000 रूपये मानदेय किया गया है, अनुदेशकों ने अपने समर्पण, मेहनत और सेवा भाव से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इससे पूर्व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय डीह, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बाला हरचंदपुर सहित विभिन्न विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह, शिवेन्द्र सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी, अनुदेशक आदि उपस्थित रहें।

rexpress 