रायबरेली-अवैध कोयला भट्टियों पर चला बुलडोजर, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

रायबरेली-अवैध कोयला भट्टियों पर चला बुलडोजर, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली। जनपद में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गदागंज थाना क्षेत्र के मतीनगंज में संचालित दो अवैध कोयला भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
वन विभाग की टीम ने कल्लू उर्फ वहाब और मोहम्मद इरशाद द्वारा संचालित कोयला भट्टियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त करा दिया। विभाग का आरोप है कि दोनों भट्टियों का संचालन बिना वैध लाइसेंस के किया जा रहा था तथा पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था, जिससे वायु प्रदूषण फैल रहा था।
वहीं कार्रवाई के बाद भट्टी संचालकों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा बिना किसी पूर्व नोटिस के कार्रवाई की गई है। साथ ही उन्होंने विभाग पर वसूली करने का भी आरोप लगाया है। भट्टी संचालकों का कहना है कि उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर तक नहीं दिया गया।
दूसरी ओर वन विभाग के अधिकारियों ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कार्रवाई को पूरी तरह वैधानिक और नियमों के अनुरूप बताया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से संचालित कोयला भट्टियां पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही थीं, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
फिलहाल वन विभाग की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं मामले में दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासनिक कार्रवाई सुर्खियों में बनी हुई है।