रायबरेली: राही ब्लॉक के जगदीशपुर गांव में 22 लाख की अंत्येष्टि स्थल परियोजना पर भ्रष्टाचार के आरोप, डीएम ने बैठाई जांच
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के राही ब्लॉक क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में करीब 22 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही अंत्येष्टि स्थल परियोजना को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के लिए लगभग 13 लाख रुपये की धनराशि निकाली जा चुकी है, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसके बावजूद कार्य पूर्ण दर्शाकर शासन को रिपोर्ट भेजे जाने का दावा किया जा रहा है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता ने पूरे प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को सौंपी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है और घटिया गुणवत्ता की निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है। इसी आधार पर तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और भुगतान की स्थिति का सत्यापन किया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता, मानक विहीन निर्माण या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल राही ब्लॉक के जगदीशपुर गांव का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

rexpress 