रायबरेली एफसीआई गोदाम में ट्रक की चपेट में आया कर्मचारी, इलाज के दौरान मौत

रायबरेली एफसीआई गोदाम में ट्रक की चपेट में आया कर्मचारी, इलाज के दौरान मौत

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

रायबरेली जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित एफसीआई गोदाम में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक एफसीआई कर्मचारी की मौत हो गई। ट्रक चालक की लापरवाही से गंभीर रूप से घायल हुए कर्मचारी ने लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना शुक्रवार दिनांक 30 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान राकेश कुमार निषाद पुत्र दयाराम निषाद, निवासी त्रिलोकपुर कप्तानगंज, जिला बस्ती के रूप में हुई है। राकेश कुमार निषाद रायबरेली के एफसीआई गोदाम में कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह गणेश राइस मिल का एक ट्रक एफसीआई गोदाम में पहुंचा था। इसी दौरान ट्रक चालक की लापरवाही से राकेश कुमार निषाद ट्रक की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल रायबरेली के सिमहंस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे राकेश कुमार निषाद ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पुलिस को लिखित रूप में दे दी गई है।
मामले की जांच कर रही मिल एरिया पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। थाना अध्यक्ष विंध्य विनय ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।