रायबरेली ग्राम पंचायतों में चलाया जा रहा प्लास्टिक मुक्ति अभियान
रायबरेली- जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार विकासखंड राही की समस्त ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक मुक्ति का अभियान चलाया गया। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायतों में सिंगल यूज प्लास्टिक का डोर टू डोर कलेक्शन कराकर उन्हे ई-रिक्शा के माध्यम से ग्राम पंचायतों में बने रिसोर्स रिकवरी सेंटर तक पहुंचाया गया। इस अभियान में ग्राम पंचायत सचिवों, खण्ड प्रेरकों व सफाई कर्मियों की टीम द्वारा गांव के आमजन के सामुदायिक सहयोग से प्लास्टिक व अन्य ठोस अवशिष्ट को एकत्रित कराकर विशेष साफ-सफाई करायी गयी। इस दौरान ग्राम पंचायत के स्वास्थ्य सखियों व आजीविका सखियों द्वारा प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के विषय में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। खण्ड विकास अधिकारी राही संदीप सिंह द्वारा बताया गया कि यह अभियान 21 जून 2026 तक लगातार सभी ग्राम पंचायतों में जारी रहेगा, जिसमें विशेष रूप से जल स्रोतों, रास्तों, सामुदायिक केन्द्रों व सामुदायिक स्थलो तथा प्लास्टिक के ढेर वाली समस्त जगहो से प्लास्टिक इकठ्ठा कर रिसोर्स रिकवरी सेन्टर पहुंचाया जायेगा, जहां सभी प्रकार के अपशिष्ट की सफाई कर उन्हें अलग-अलग किया जायेगा। विकास खण्ड-राही में विशेष जनसम्पर्क व जन सुविधा कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रबुद्धजनो से संवाद का कार्यक्रम किया गया, जिसमें विकास खण्ड के विभिन्न अध्यापको, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगो, कृषि व सहकारिता से जुड़े लोगो व अभियन्ताओं, तकनीकी स्टाफ द्वार प्रतिभाग किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागी प्रबुद्धजनो द्वारा केन्द्र सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं तथा विकसित भारत की संकल्पना एवं विकसित भारत हेतु ग्रामीण स्तर पर किये जाने वाले प्रयासो तथा सामुदायिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की।

rexpress 