रायबरेली-फंदे पर लटकता मिला युवक का शव, जमीन पर रखे थे घुटने
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- पूरे सुक्खा मार्ग स्थित पूरे मचकुरिया गांव के पास एक बाग में सोमवार की दोपहर बाद एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। मृतक के दोनों घुटने जमीन पर रखे थे। मृतक शाहजहांपुर जिले का रहने वाला था व एक माह से क्षेत्र के नरहिया पूरे गमेलन मजरे डीह स्थित रिश्तेदार के यहां रह रहा था।
शव की हालत देख ग्रामीणों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस व फारेंसिक टीम में साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से शाहजहांपुर जनपद के पीली मस्जिद मामंदो के रहने वाले मनीष कुमार का शव पूरे मचकुरिया गांव के पास बाग में एक आम के पेड़ पर लटकता मिला। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक के घुटने जमीन पर रखे थे व जिस डाल से फंदा लगा हुआ था, वह भी बहुत नीचे थी।
लोगों ने जताई आशंका
ऐसे में लोगों ने युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। मृतक के पिता भगवान दास ने बताया कि वह अपने बेटे मनीष और सुमित के साथ करीब एक माह से नरहिया में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। इससे पूर्व मनीष सुलतानपुर जनपद के इस्लामगंज के पास एक ईंट भट्ठे पर काम करता था।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच कर साक्ष्य संकलित किए। थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन का कहना है कि प्रथम जांच में मृतक के शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं दिखाई दे रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 