रायबरेली-लालगंज में बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से नाराज ऐहार गांव के ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। घंटों तक विद्युत सप्लाई बाधित रहने से परेशान दर्जनों ग्रामीण लालगंज कस्बे स्थित पावर हाउस पहुंच गए, जहां उन्होंने जोरदार हंगामा करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली संकट बना हुआ है। रोस्टिंग और फाल्ट के नाम पर घंटों सप्लाई बंद रखी जाती है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में बिजली न आने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पावर हाउस में तैनात लाइनमैन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रुपए लेने के बावजूद नियमित सप्लाई नहीं दी जा रही है। इस आरोप को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। मौके पर ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र की विद्युत सप्लाई सुचारु रूप से बहाल नहीं की जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। पावर हाउस परिसर में बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
फिलहाल बिजली विभाग के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं, लेकिन ग्रामीण तत्काल बिजली बहाली की मांग पर अड़े हुए हैं। लालगंज क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर यह मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

rexpress 