रायबरेली-संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव घर के आंगन की चारपाई में हुआ बरामद, हत्या की जताई जा रही आशंका
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावा रायबरेली। घर के आंगन में चारपाई पर युवक का शव बरामद होने से परिजनों एवं ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, लोगों ने हत्या की आशंका जताई है, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे के आसपास थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेहगो पश्चिम गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय युवक का शव घर के आंगन में पड़े पलंग पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की नाक पर गहरी चोट के निशान मिलने तथा घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध होने के चलते कहीं अन्य चोटिल होने या हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विदित हो कि मृतक आकाश उम्र 22 पुत्र देशराज निवासी सेहगो पश्चिम गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने पिता से करीब 200 रुपये लेकर घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह जब वह घर पहुंचे। तो उसका शव आंगन में पड़े पलंग पर मिला। बताया जा रहा है कि युवक की बाइक गांव के पास स्थित शराब के ठेके के निकट खड़ी मिली, जिसकी चेन टूटी हुई थी। वहीं युवक की नाक पर गहरी चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि जिस पलंग पर युवक का शव पड़ा मिला, वहां बिस्तर पर खून के छींटे नहीं मिले। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक कहीं अन्य स्थान पर चोटिल हुआ या फिर उसकी हत्या कर शव को घर लाकर रख दिया गया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि मृतक आये दिन शराब के नशे में साथ रहे अपने पिता, दादी व अपने भाई के साथ मारपीट करता था। उसके डर से परिवार के लोग अक्सर रात में रिश्तेदारों के यहां चले जाते थे। गांव के आसपास ही उनके रिश्तेदार रहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक परिजन कोई कानूनी कार्यवाही नहीं करना चाहते थे और शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, शव को लेकर अंतिम संस्कार के स्थान पर पहुंच भी गए थे। परंतु इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। युवक का मोबाइल फोन भी बरामद नहीं हुआ है। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

rexpress 