डीएम ने कृषि एवं संबद्ध योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की करी समीक्षा
फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के दिए गए निर्देश
रायबरेली- जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में किसानों के हित में संचालित योजनाओं की प्रगति का विभागवार परीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), मत्स्य पालन, डेयरी विकास, मंडी विकास, पशुपालन एवं बागवानी योजना की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक योजना की वर्तमान प्रगति, लाभार्थियों की संख्या, लंबित प्रकरणों एवं विभागीय कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री को शीर्ष प्राथमिकता वाली योजना बताते हुए निर्देश दिए कि इस कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए तथा सभी पात्र किसानों का पंजीकरण कराते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को अधिक से अधिक जागरूक करने तथा एफपीओ को सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य पालन, डेयरी विकास, पशुपालन एवं बागवानी से संबंधित योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने एवं विशेष रूप से दलहन की उपज बढ़ाने के प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

rexpress 