डलमऊ कोतवाली में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, पुलिस टीम ने लिया एकता और अखंडता का संकल्प
क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी और थाना प्रभारी राघवन कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ आयोजन, पुलिस टीम ने निकाली पैदल गश्त
डलमऊ, रायबरेली। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को डलमऊ कोतवाली परिसर में पुलिस विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी, थाना प्रभारी राघवन कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) अबरार हुसैन सहित कोतवाली की पूरी पुलिस टीम मौजूद रही।कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में पैदल गश्त भी की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आमजन को शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी सौहार्द के साथ रहने का संदेश दिया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। सरदार पटेल ने आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्हीं के योगदान को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।

rexpress 