डीएम की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक सम्पन्न

डीएम की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक सम्पन्न

-:विज्ञापन:-


वर्तमान मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उपलब्ध कराए गए सुझाव

उपलब्ध कराए गए सुझावों पर किया गया विचार विमर्श

रायबरेली- जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में  कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन/पुनर्गठन) के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वर्तमान मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुझाव का परीक्षण आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया में भौगोलिक स्थिति, मतदाताओं की संख्या, आवागमन की सुविधा, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुगमता सहित सभी आवश्यक बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप राजनीतिक दलों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण की जाए। बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए, जिन पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित समस्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचन से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं  मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।