रायबरेली में प्यार, पैसा और फिर मौत का खौफनाक खेल,महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायबरेली में प्यार, पैसा और फिर मौत का खौफनाक खेल,महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली में प्यार, पैसा और फिर मौत का खौफनाक खेल! जगतपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाली महिला को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है. यह महिला न केवल युवक को छेड़खानी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी, बल्कि फर्जी वीडियो के जरिए ढाई लाख रुपये की रंगदारी भी मांग रही थी.

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को कानपुर नगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अब सवाल है कि आखिर, क्या है पूरा मामला? कहां छुपी थी ब्लैकमेलर? आइए जानते हैं इस बारे में-

​क्या है पूरा मामला?

​मामला जगतपुर के कित्तूली गांव का है. मृतक रमाकांत दीक्षित के भाई शिवभवन दीक्षित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि लालापुरी निवासी प्रेमावती (पत्नी सज्जन पासी) उनके भाई को लंबे समय से प्रताड़ित कर रही थी. प्रेमावती ने रमाकांत पर छेड़खानी का झूठा आरोप लगाकर जेल भेजने की धमकी दी थी. इतना ही नहीं, आरोपी महिला ने एक फर्जी वीडियो तैयार कर लिया था, जिसके दम पर वह रमाकांत से 2.5 लाख रुपये की मांग कर रही थी.

​बाइक छीनी और सामाजिक मर्यादा पर किया वार

​हौसले इतने बुलंद थे कि करीब 6 महीने पहले महिला ने अपने पति के साथ मिलकर रमाकांत की मोटरसाइकिल (नंबर UP33BH5424) भी छीन ली थी और पैसे देने पर ही वापस करने की शर्त रखी थी. लगातार मिल रही धमकियों और समाज में बदनामी के डर से टूट चुके रमाकांत ने बीते 28 जनवरी 2026 को मौत को गले लगा लिया.

​कानपुर में छिपी थी 'लेडी ब्लैकमेलर'

​रमाकांत की आत्महत्या के बाद पुलिस ने धारा 108 BNS के तहत मामला दर्ज किया था. पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के सख्त निर्देश पर जगतपुर पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी. सोमवार को सटीक सूचना मिली कि आरोपी महिला कानपुर नगर के थाना सरसौल स्थित महेश ब्रिक फील्ड के पास छिपी है. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्रेमावती को धर दबोचा.