रायबरेली में घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, होमगार्ड की मौत

रायबरेली में घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, होमगार्ड की मौत

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

रायबरेली जनपद में घने कोहरे ने एक बार फिर कहर बरपाया है। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहाई गांव के पास मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक में सवार होमगार्ड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में दूसरे ट्रक का चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक से चालक और कंडक्टर को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक होमगार्ड के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा बताया जा रहा है।