रायबरेली में फिर पशुपालन विभाग आया सुर्खियों में पशु पालन विभाग की जलाई गई चोरी छिपे फाइले

रायबरेली में फिर पशुपालन विभाग आया सुर्खियों में  पशु पालन विभाग की जलाई गई चोरी छिपे फाइले

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-विकास भवन परिसर में शनिवार को पशुपालन विभाग के दस्तावेज और फाइलों को आग के हवाले कर दिया गया। गुपचुप तरीके से परिसर के पीछे बोरी में कागजातों को ले जाकर आग लगा दी गई। विभाग के एक कर्मचारी द्वारा अभिलेखों में आग लगाने और कागजातों के जलने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अफरातफरी मच गई।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) ने संबंधित बाबुओं से जवाब मांगा है। विभाग में पूर्व में भूसा खरीद में बड़ा मामला पकड़ में आया था। चर्चा है कि मामले में पूर्व सीवीओ के खिलाफ जांच भी चल रही है। शनिवार की दोपहर सोशल मीडिया में विकास भवन परिसर में पशुपालन विभाग के जरूरी कागजातों को जलाने का वीडियो वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में पूर्व में जारी किए गए आदेश, फाइलें व अन्य दस्तावेज जलते हुए नजर आ रहे हैं। पोल खुलते ही विभाग में अफरातफरी मच गई। सीवीओ ने संबंधित बाबुओं से इस संबंध में जवाब मांगा है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

एनजीटी के आदेश की भी उड़ाई धज्जियां
वातावरण को प्रदूषण मुक्त रखने के एनजीटी ने सख्त कदम उठाए हैं। कहीं भी सार्वजनिक स्थान पर कुछ भी जलाने पर रोक लगाई गई है, लेकिन विकास भवन में पशुपालन विभाग के दस्तावेजों को आग के हवाले करने से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

संबंधित बाबुओं से जवाब मांगा : सीवीओ
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप द्विवेदी का कहना है कि शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद था। वहीं, इसकी सूचना मिली है। मामले में विभाग के संबंधित बाबुओं से जवाब मांगा गया है। जानबूझकर जरूरी दस्तावेजों को जलाया गया है तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सीवीओ से मांगी गई है रिपोर्ट
विकास भवन परिसर में रद्दी जलाना भी गलत है। पशु पालन विभाग के कागजों को जलाने का मामला संज्ञान में आया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से पूरी रिपोर्ट तलब की गई है।
- अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी