अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपती को कार ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी घायल
लखनऊ अयोध्या नेशनल हाईवे पर पटरंगा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गंगरेला मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार दम्पति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया है।
बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अयोध्या भेज दिया है।
मंगलवार को दोपहर में नेशनल हाईवे पर पटरंगा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गंगरेला मोड़ के पास एक बाइक पर सवार दम्पति हाईवे पार कर रहे थे कि लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों लहुलुहान होकर हाईवे पर ही गिर गये।
घटना के स्थानीय लोगों ने सभी को सड़क से हटा कर किनारे किया और सूचना एम्बुलेंस और पुलिस को दी। मौके पर मौजूद पटरंगा थाना की पुलिस जब तक इलाज के लिए अस्पताल भेजवाते तब तक मोहम्मद कलीम (60) पुत्र मोहम्मद शाबिर निवासी गुलरिहा मजरे राय पुर थाना पटरंगा जनपद अयोध्या की मौत हो गई जबकि कलीम की पत्नी सबीउल निशा गम्भीर रूप से घायल हो गईं जिन्हें इलाज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई भेजा गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल अयोध्या भेज दिया गया है। बताया जाता है कि इसी थाना क्षेत्र के अशरफपुर गंगरेला गांव निवासी मोहम्मद कय्यूम के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
इस सम्बन्ध में पटरंगा थाना प्रभारी ओम प्रकाश से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करवा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय अयोध्या भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।

rexpress 