रायबरेली- डीएम की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
रायबरेली- जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ऑनलाइन मॉड्यूल के अनुसार निर्धारित समस्त 19 पैरामीटरों की संतृप्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक के दौरान जनपद के उन 197 विद्यालयों की समीक्षा की गई, जिनके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। इस संबंध में विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि 145 विद्यालयों में विस्थापन एवं संबंधित कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष विद्यालयों में कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अवशेष विद्यालयों का कार्य भी शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए तथा जिन विद्यालयों में कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका तत्काल सत्यापन सुनिश्चित कराया जाए। विद्यालयों में विद्युत संयोजन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत विद्यालयों में विद्युत संयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में जनपद में संचालित नवीन के0जी0बी0वी0 (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय) के उच्चीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत परियोजनाओं का निरीक्षण कराकर विभाग को विधिवत हैंडओवर कराया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा से संबंधित आधारभूत सुविधाओं के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, एआरटीओ उमेश कटियार, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

rexpress 