ऊंचाहार:शादी समारोह में युवक के साथ मारपीट, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

ऊंचाहार:शादी समारोह में युवक के साथ मारपीट, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

-:विज्ञापन:-




रिपोर्ट-सागर तिवारी



ऊंचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र के ग्राम सवैय्या हसन में एक शादी समारोह के दौरान आपसी विवाद में मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
विवाद और जानलेवा हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सवैय्या हसन निवासी सिराज खान का पुत्र सरफराज (12 मार्च) को गांव में ही आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में गया था। शाम करीब 07:00 बजे समारोह के दौरान गांव के ही कुछ युवकों ने सरफराज के साथ बेवजह हंसी-ठिठोली और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
जब सरफराज ने इसका विरोध किया, तो विपक्षी युवक उग्र हो गए। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर सरफराज को गंदी गालियां दीं और लात-घूंसों व डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर हमलावर वहां से भाग निकले, जिससे युवक की जान बच सकी। हमले में सरफराज को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
इलाज और रेफर
घायल अवस्था में परिजनों द्वारा सरफराज को तत्काल ऊंचाहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया। यहाँ तैनात डॉक्टर ने बताया कि युवक को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया है की मारपीट की  सूचना मिली है मौके में पुलिस मौजूद है जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है