ऊंचाहार:बिजली के तार की चपेट में आने से ग्रामीण गंभीर रूप से झुलसा, विभाग पर लापरवाही का आरोप

ऊंचाहार:बिजली के तार की चपेट में आने से ग्रामीण गंभीर रूप से झुलसा, विभाग पर लापरवाही का आरोप

-:विज्ञापन:-



रिपोर्ट-सागर तिवारी

रायबरेली (ऊंचाहार): उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र के ग्राम गंतरी में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। गाँव के निवासी बंशीलाल बिजली के केबल के साथ लगे लोहे के सपोर्टिंग तार में प्रवाहित हो रहे हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित बंशीलाल ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारी कुछ समय पहले मीटर उखाड़ कर ले गए थे, लेकिन उन्होंने कनेक्शन केबल में लगा लोहे का सपोर्ट तार वहीं छोड़ दिया था। रविवार को जब वह रास्ते में लटक रहे इस तार को हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की लाइन से तार छू गया और जोरदार करंट लगा।
बंशीलाल के अनुसार, मौके पर मौजूद दो युवकों ने बांस के डंडे की मदद से उन्हें तार से अलग किया, जिससे उनकी जान बच सकी। इस घटना में उनके दोनों हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं। पीड़ित और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विभागीय प्रतिक्रिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ आशीष कुमार वर्मा ने कहा कि घटना संज्ञान में है और इसकी पूरी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।