रायबरेली बढ़ती गर्मी के बीच डीएम का सख्त आदेश: होटल, रेस्टोरेंट,
अस्पताल समेत सभी सार्वजनिक संस्थानों में होगी सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच।
रायबरेली- जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित अग्निकांड व अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, मैरिज लॉन, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानकों, लाइसेंसों के नवीनीकरण, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा उपायों की नियमित जांच की जाएगी। इसके लिए उप जिलाधिकारियों (एसडीएम), अग्निशमन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो समय-समय पर निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन करेंगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनहानि की संभावना बढ़ सकती है, इसलिए सभी संस्थान संचालकों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी या मानकों में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित संस्थान केखिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और सुरक्षा संबंधी कमियों को तत्काल दूर कराया जाए।प्रशासन की इस पहल को जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जिले में संभावित हादसों की रोकथाम और सार्वजनिक संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

rexpress 