ऊंचाहार:अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में शोक की लहर,,
रिपोर्ट-सागर तिवारी
ऊंचाहार/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने तिवारीपुर तिराहे के पास उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पूरन शाहपुर, मजरे किसुनदासपुर निवासी अंकित (पुत्र रामजीत) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बीती रात अंकित अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी तिवारीपुर तिराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अंकित की मृत्यु हो चुकी थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ल ने पुष्टि की कि युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस को इस संबंध में जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है।

rexpress 