बहन की बर्थ डे पार्टी में करंट की चपेट में आकर हिलता रहा किशोर, परिजन समझे डांस कर रहा, मौत

बहन की बर्थ डे पार्टी में करंट की चपेट में आकर हिलता रहा किशोर, परिजन समझे डांस कर रहा, मौत

-:विज्ञापन:-

कानपुर के दर्शनपुरवा में चचेरी बहन की बर्थडे पार्टी में डांस कर रहा 14 साल का भाई पास में लगे फर्राटा (पंखे) में उतरे करंट की चपेट में आ गया। झटकों से वह जोर-जोर से हिलने लगा। घर की महिलाओं और बच्चों को लगा कि वह डांस कर रहा है तो वह तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन करने लगे।

कुछ ही सेकेंड में जमीन पर गिर गया। चाचा के उठाने के दौरान करंट लगा तो चीख पुकार मच गई। परिजन बच्चे को कार्डियोलॉजी ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दर्शनपुरवा निवासी रंजीत कश्यप पेंटर हैं। सोमवार को उनके छोटे भाई अजीत की बेटी रिंकी का जन्मदिन था। पड़ोस में स्थित घर पर आयोजित पार्टी में रंजीत का छोटा बेटा 14 वर्षीय सोम भी गया था। रात साढ़े आठ बजे सभी बच्चे डांस करते-करते गुब्बारे फोड़ रहे थे। सोम ने भी गुब्बारे फोड़े और डांस करने लगा। तभी उसका हाथ किनारे खड़े फर्राटा (पंखे) पर पड़ गया। करंट की चपेट में आकर वह हिलने लगा। इस पर बच्चों और महिलाओं को लगा कि वह डांस कर रहा है और ताली बजाकर उसका उत्साह बढ़ाने लगे।

कुछ सेकेंड बाद वह तेजी से हिलकर जमीन पर गिर गया। उसके चाचा अजीत ने उसे छुआ तो करंट का झटका लगा तब जाकर उन्हें घटना का पता चला। उन्होंने पंखे का कनेक्शन काटा और उसे पास स्थित अस्पताल ले गए जहां उसे कार्डियोलॉजी रेफर कर दिया गया। कार्डियोलॉजी में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।

पिता के अनुसार जब वह तीन महीने का था तब ही उसकी मां की मौत हो गई थी। हादसे के बाद पिता बदहवास है। सोम का बड़ा भाई सनी घटना से बेसुध हो गया। मंगलवार शाम फजलगंज पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। देर शाम उसे नजीराबाद स्थित कब्रिस्तान में दफनाया गया।