एक मुख्य अभियंता, पांच अधिशासी व दो अधीक्षण अभियंता को निलंबित करने का आदेश
पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल ने काम में लापरवाही बरतने के आरोप में एक मुख्य अभियंता, पांच अधिशासी अभियंताओं, दो अधीक्षण अभियंताओं को निलंबित करने का आदेश दिया है।
इसी तरह 25 से ज्यादा अवर व सहायक अभियंताओं सहित अन्य कर्मियों को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। ये सभी अलग- अलग डिस्कॉम में कार्यरत हैं।
पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष गोयल ने मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक अलग- अलग चरणों में विभागीय कामकाज की समीक्षा की। पहले से चल रही योजनाओं की प्रगति देखी गई। राजस्व वसूली और उपभोक्ताओं के हितों में किए गए कार्यों पर जोनवार चर्चा हुई। राजस्व वसूली में करीब 20 जोन की स्थिति संतोष जनक नहीं पाई गई है। चेतावनी के बाद भी राजस्व वसूली व अन्य कार्यों को पूरा नहीं करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
कारपोरेशन अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल ने बरेली जोन के कई कार्यों की गति धीमी मिलने पर नाराजगी जताई। इस जोन के तत्कालीन मुख्य अभियंता को निलंबित करने का आदेश दिया गया है। इसी तरह पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रयागराज, वाराणसी और पश्चिमांचल में मेरठ सहित पांच जोन के अधिशासी अभियंताओं, फतेहपुर (खागा) एवं जसरान में कार्यरत अधीक्षण अभियंताओं को निलंबित करने के लिए निदेशक (वाणिज्य) को आदेश दिया गया है। सहायक अभियंताओं सहित 25 से ज्यादा कार्मिकों को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अफसरों को सचेत किया गया है। बैठक में पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

rexpress 