छात्रवृत्ति घोटाले में हाथरस के पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरफ्तार

छात्रवृत्ति घोटाले में हाथरस के पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-

छात्रवृत्ति घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध शाखा ने हाथरस में तैनात रहे तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ प्रसाद मिश्र को मंगलवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है।

उनके खिलाफ 57 लाख 53 हजार 148 रुपये गबन का केस दर्ज था।

ईओडब्ल्यू हाथरस के श्री होडल सिंह इंटर कालेज रतिभानपुर के प्रबंधक युवराज सिंह द्वारा संचालित अन्य कालेज-महाविद्यालयों में वर्ष 1999 से वर्ष 2006 तक अनुसूचित जाति के छात्रों को दी गई 57 लाख 53 हजार 148 रुपये की धनराशि के गबन की विवेचना की जा रही है। विवेचनाधिकारी इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने जांच में जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ प्रसाद मिश्र को मंगलवार को उनके जानकीपुरम लखनऊ स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।

ईओडब्ल्यू उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। जांच में सामने आया है कि छात्रवृत्ति छात्रों को दी ही नहीं गई और रकम का गबन कर लिया गया। इस मामले में ईओडब्ल्यू अब तक छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है।