रायबरेली-वृहद 'जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले' का आयोजन संपन्न

रायबरेली-वृहद 'जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले' का आयोजन संपन्न

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

  विधायक सदर ने स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से किया संवाद

रायबरेली-केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायबरेली के विकास खंड अमावां की ग्राम पंचायत लोधवामऊ स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में वृहद 'जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले' का आयोजन किया गया।  
          इस अवसर पर मा० विधायक सदर अदिति सिंह ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद किया।
शिविर में पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही उनका पंजीकरण भी कराया गया। आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, ओडीओपी (ODOP), मुख्यमंत्री आवास योजना समेत केंद्र और प्रदेश सरकार की दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया गया।
          मा० विधायक सदर अदिति सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा, "रायबरेली के प्रत्येक नागरिक को सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना ही हमारा मुख्य ध्येय और दृढ़ संकल्प है।"
जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया और विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन कर सरकार की जनहितकारी पहल का लाभ उठाया।
          इस अवसर पर मा० विधायक सदर द्वारा निश्चय अभियान के अंतर्गत टीबी उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए निश्चय किट का वितरण किया गया तथा आमजन से टीबी के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की गई।
          उन्होंने कार्यक्रम के दौरान आरओ वाटर कूलर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके आवास की चाभियां सौंपी गईं, वहीं दो नए पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। स्वयं सहायता समूह की एक दीदी को ग्राम संगठन के माध्यम से ट्रैक्टर उपलब्ध कराए जाने पर ट्रैक्टर की चाभी भी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुष्टाहार का वितरण किया गया।
          आयोजित रात्रि चौपाल में प्रमुख रूप से खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह, अंजू यादव संजय सिंह, संगीता देवी, एडीओ सहकारिता राजन सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष अमावां ऋषि सिंह समेत सभी अधिकारी कर्मचारी और कई ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।