ऊंचाहार:शादी का झांसा देकर 4 साल तक युवती का शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप,,,

ऊंचाहार:शादी का झांसा देकर 4 साल तक युवती का शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप,,,

-:विज्ञापन:-




   रिपोर्ट-सागर तिवारी

 ऊंचाहार/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के नगर की सीमा से जुड़े एक गांव निवासी युवती ने जगतपुर थाना क्षेत्र के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर पिछले चार वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया और अब अश्लील वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर रहा है।पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार आरोपी युवक पिछले चार सालों से उसके साथ फोन पर बातचीत कर रहा था। इस दौरान युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का अटूट वादा करके उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने इस दौरान उसके कुछ बेहद निजी और आपत्तिजनक वीडियो भी गुपचुप तरीके से बना लिए।
शादी से इनकार और जान से मारने की धमकी
मामले में मोड़ तब आया जब पीड़िता ने युवक पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया। आरोप है कि अब युवक शादी के वादे से पूरी तरह मुकर गया है। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे और उसके परिजनों को जातिसूचक गालियां दीं और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है, जिससे वह और उसका परिवार गहरे खौफ में है।
पीड़िता ने कोतवाली प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वीडियो बयान में युवती ने स्पष्ट किया कि आरोपी ने उसे भावनात्मक रूप से तोड़ दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं। पूर्व में दोनों के मध्य सुलह समझौता हो चुका है। मामले की गहनता से जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।