नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किया योगाभ्यास

नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किया योगाभ्यास

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

 

रायबरेली-अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद रायबरेली में विभिन्न स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इसी क्रम में नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग उ०प्र० शासन अनिल कुमार सागर द्वारा 25वीं वाहिनी पीएसी परिसर में आयोजित 12वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया गया।
          इस अवसर पर प्रमुख सचिव ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जवानों के साथ निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।
       उन्होंने सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है तथा जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं एवं सुरक्षा बलों को योग अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि इससे अनुशासन, एकाग्रता एवं ऊर्जा में वृद्धि होती है।
          कार्यक्रम के दौरान पीएसी वाहिनी में नियुक्त योग प्रशिक्षक मुख्य आरक्षी (गोल्ड मेडलिस्ट) शुभम मिश्रा  द्वारा उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा योग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।     
         कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ किया गया कि सभी लोग नियमित रूप से योग अपनाकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
          इस अवसर पर लाल भरत कुमार पाल (सेनानायक25 वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली), डॉ विपिन गुप्ता, (चिकित्साधिकारी पीएसी अस्पताल) व वाहिनी के अधिकारी एवं जवान सहित बड़ी संख्या में पीएसी में आवासित परिवारीजन सम्मलित हुए।