रायबरेली के घंटाघर में टैंकर से बरसेगा रंग, कपड़ा फाड़ होली की तैयारी पूरी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-शहर के 12 स्थानों पर होली हुड़दंग की तैयारी पूरी हो गई। वहीं घंटाघर की कपड़ा फाड़ होली में इस बार टैंकर से रंग बरसाया जाएगा। चार स्थानों पर मटकी भी बांधी जाएंगी।
मटकी उतारने वाली टीम के लिए इस बार अलग-अलग इनाम की व्यवस्था भी की गई है। बस स्टाप में इस बार 5100 सौ का इनाम रखा गया है।
होली को लेकर चारों तरफ जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी पर्व की तैयारी में पूरी तरह व्यस्त हैं। शहर के डिग्री कालेज चौराहा, सुपर मार्केट, रामकृपाल चौराहा, बस स्टाप, कैपरगंज, जोशियाना, मंशा देवी मंदिर, रतापुर चौराहा, मलिकमऊ, पुलिस लाइन, गोरा बाजार, मुंशीगंज व खाली सहाट रामलीला मैदान में होली को लेकर जबरदस्त तैयारी है। वहीं कमेटियों ने भी कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए कमर कस ली है। इस बार कई स्थानों पर ठंडाई व गुझिया के भी इंतजाम किए गए हैं।
शहर के घंटाघर की कपड़ा फाड़ होली कई जिलों में प्रसिद्ध है। युवाओं में जबरदस्त उत्साह रहता है। घंटाघर कमेटी के बंटी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी हो गई है। होली के बजने वाले गीतों के लिए बड़े-बड़े साउंड लगा दिए गए हैं। हर साल युवाओं की टोली पर ड्रमों से रंग बरसाया जाता रहा है। इस बार टैंकरों से रंग बरसाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयास किया गया है कि हर्बल रंगों का ही प्रयोग किया जाए।
कमेटी की तरफ से इस बार शुद्ध ठंडाई का इंतजाम भी किया गया है। शहर के चार स्थानों पर मटकी बांधने का इंतजाम किया गया है। हर जगह अलग-अलग पुरस्कार राशि रखी गई है। बस स्टाप चौराहा पर मटकी बांधी जाएगी। कमेटी के सुमित ने बताया कि इस बार पुरस्कार राशि बढ़ा कर 2100 की जगह 5100 सौ रुपये कर दी गई है। पुरस्कार जीतने के लिए गोविंदा की टीमें भी तैयारी में लग गई हैं।
आज चंद्र ग्रहण के नाते बंद रहेंगे कपाट, चार मार्च को खेली जाएगी होली
सिद्ध मंदिरों में पुजारियों ने भगवान के साथ फूलों की होली खेली। भगवान को विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूल अर्पित किए गए। अभयदाता मंदिर के पुजारी ओम प्रकाश ने बताया कि 3 मार्च को दोपहर से शाम तक चंद्र ग्रहण रहेगा। इसके चलते मंदिर के कपाट सुबह नौ बजे से शाम सात तक बंद रहेंगे। सोमवार को भगवान के साथ फूलों की होली खेली गई।
दक्षिणी मुखी हनुमान मंदिर के पुजारी भीम शंकर द्विवेदी ने बताया कि चंद्र ग्रहण होने के चलते सुबह से शाम तक मंदिर बंद रहेगा। श्री हनुमान जी को पुष्प अर्पित किए गए। 4 मार्च को धुलंडी यानी रंग वाली होली खेली जाएगी। जहानाबाद के श्री अखिलेश्वरी माता मंदिर के पुजारी विनय द्विवेदी ने बताया कि साल का पहला चंद्र ग्रहण पड़ रहा है। भारत में भी यह आंशिक दिखाई देगा, इसके चलते मंदिर बंद रहेगा।

rexpress 